नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आज ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शुक्रवार को होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे शनिवार तक टाला गया था।
कार्यक्रम में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ प्रस्ताव लाया जाएगा। खड़गे स्वयं यह प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। विपक्ष ने इसे ‘पब्लिक महाभियोग’ का नाम दिया है, जिसमें जनता और राजनीतिक दल किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ सांकेतिक विरोध दर्ज कराते हैं। राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ‘यह किसी एक पार्टी की लड़ाई नहीं, संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है।’

कल रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली
इस कार्यक्रम के अगले दिन, यानी 1 नवंबर को INDIA ब्लॉक दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली करेगा। रैली में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) समेत कई छात्र संगठन, युवा, महिलाएं और नागरिक समाज के लोग शामिल होंगे। दिल्ली पुलिस ने रैली के लिए एनओसी जारी कर दी है, लेकिन शाम 5 बजे तक ही अनुमति दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र ने दिल्ली में CAPF की 270 कंपनियों की तैनाती बढ़ा दी है।
व्यापारियों में नाराजगी, भारी नुकसान की आशंका
रैली को लेकर पुरानी दिल्ली के व्यापारियों में भारी नाराजगी है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस से रैली टालने की अपील की है। CTI का कहना है कि रामलीला मैदान के आसपास चांदनी चौक, सदर बाजार और करोल बाग के बाजारों में रैली के दिन आवाजाही बंद होने से करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। दीवाली के बाद शादियों के सीजन की शुरुआत में इस बंद से व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।
वहीं भाजपा ने विपक्ष के ‘जन महाभियोग’ को ‘मॉक पार्लियामेंट’ का ड्रामा बताते हुए पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर इस तरह के हमले लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं।

