बीरभूम, पश्चिम बंगाल 15 नवंबर, बीरभूम जिले के नानूर थाना क्षेत्र के उचकरण गांव के पास रविवार को पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में शांतिनिकेतन गोलीकांड का मुख्य आरोपी रतन शेख मारा गया। पुलिस का दावा है कि रतन ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की शुरुआत शुक्रवार शाम को हुई थी। शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइकबाजार में पुलिस टीम कुख्यात अपराधी रतन शेख को पकड़ने गई थी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी देखकर रतन ने अपने पास रखे अवैध हथियार से फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में कांस्टेबल विश्वजीत दास के बाएं पैर में गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलाने के बाद रतन मौके से फरार हो गया था।
इसके बाद से ही बीरभूम पुलिस रतन की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि रतन नानूर इलाके में एक ईंट-भट्ठे के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने के बजाय रतन ने फिर से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी।
रतन शेख नानूर के साओता गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ 36 से अधिक मामले थे।
इस एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। घायल कांस्टेबल विश्वजीत दास का इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच नियमानुसार की जाएगी। यह बीते कुछ महीनों में राज्य में हुआ पांचवां कथित एनकाउंटर बताया जा रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

