बरेली 15 नवंबर । बरेली पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से राइफल, पिस्टल, तमंचे और हथियार बनाने का भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराज, शानू, जीवनदीप और जसूर के रूप में हुई है। वहीं गुरसेवक और अनस अभी वांछित हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि यह गिरोह शरद पहलवान के संपर्क में था। शरद पहलवान बहेड़ी थाने का नामी हिस्ट्रीशीटर है। पिछले साल 26 सितंबर को बरेली में हुई घटना में इसी के जरिए आर्म्स की सप्लाई की गई थी। शरद पहलवान को इसी साल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब इस नए रैकेट से उसके तार जुड़ने के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
दूसरा और सबसे सनसनीखेज खुलासा पाकिस्तानी कनेक्शन को लेकर हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुखराज का पाकिस्तानी टेरर मॉड्यूल के गैंगस्टर अजमल गुर्जर से संपर्क था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत हुई और वीडियो कॉल पर भी बात हुई थी। अजमल गुर्जर ने सुखराज को हथियारों की डिलीवरी के लिए पंजाब आने को कहा था।
एसएसपी ने बताया कि अजमल ने पेशकश की थी कि अगर सुखराज पंजाब आएगा तो उसे ड्रोन के माध्यम से हाई-क्वालिटी के हथियार सप्लाई किए जाएंगे। पुलिस को इस इनपुट के मिलते ही कार्रवाई की गई और पूरे रैकेट का खुलासा हो गया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कहां-कहां हथियार सप्लाई किए हैं और इसके तार और कितने लोगों से जुड़े हैं।
बरामदगी की बात करें तो पुलिस ने आरोपियों के पास से एक राइफल, एक पिस्टल, एक तमंचा, दो अधबने तमंचे और तमंचा व असलहा बनाने का काफी मटेरियल बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह फैक्ट्री काफी समय से चल रही थी और यहां बने हथियार अपराधियों को सप्लाई किए जाते थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा है कि इस रैकेट से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचा जाएगा।

