वाराणसी 15 नवंबर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में प्रेस वार्ता के दौरान विपक्षी गठबंधन, 2027 विधानसभा चुनाव और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और अन्य दलों के गठबंधन को मौकापरस्ती का गठबंधन बताते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया है।
अल्पसंख्यकों और दलितों पर अत्याचार के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि जब भी अन्याय हुआ, कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता मजबूती से पीड़ितों के साथ खड़े रहे। कांग्रेस ने हमेशा पीड़ितों की आवाज बनकर न्याय की लड़ाई लड़ी है।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने अखिलेश यादव से बड़ा दिल दिखाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस को मांगी गई 181 सीटें देनी चाहिए। अजय राय ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेगा। गठबंधन की सरकार बनाकर भाजपा को सत्ता से हटाया जाएगा।
मुलायम सिंह यादव के कारसेवकों पर गोली चलाने के फैसले के सवाल पर अजय राय ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने लोगों को बहलाकर अयोध्या भेजा था। आज उन परिवारों के नाम पर कोई स्मारक तक नहीं बनवाया गया।
यूपी में 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के सवाल पर उन्होंने योगी सरकार को घेरा। कहा कि जिलाधिकारी से लेकर तहसील स्तर तक पूरा सरकारी तंत्र राज्य सरकार के अधीन है, ऐसे में यह सरकार की विफलता है।
2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने मजबूती से चुनाव लड़ा। इसी का परिणाम रहा कि समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की।
धार्मिक आस्था पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म और कर्म से जुड़े रहने का अधिकार है, चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम, सिख या ईसाई।

