एटा। अलीगंज में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दीपक गिरी को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया और गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक गिरी अलीगंज में सुनार से हुई लूट की वारदात में शामिल था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 22 अक्टूबर को इस लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अलीगंज क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश को रोकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की टीवीएस स्पोर्ट बाइक और 780 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद बाइक चोरी की है, जिसका इस्तेमाल लूट की वारदात में किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में कुल 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में भी जुट गई है। जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी अलीगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की निगरानी में आरोपी का इलाज कराया जा रहा है।
इस मुठभेड़ के बाद अलीगंज क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

