बुलंदशहर 4 नवंबर|चुनाव नजदीक आ रहा है, तो अब मौजूदा राजनीति में भी गर्मी बढ़ गई है, और इसका असर अब जमीनी कार्यक्रमों में भी साफ दिखने लगा है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर से सामने आया है, जहां एक सरकारी कार्यक्रम सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया।
दरअसल, अनूपशहर सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया था। मिल परिसर में किसान, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम चल ही रहा था कि अचानक राजनीतिक माहौल गरमा गया।
मंच पर मौजूद अनूपशहर से भाजपा के वर्तमान विधायक संजय शर्मा और बसपा के घोषित प्रत्याशी मनोज प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं होने लगी। मौके पर मौजूद समर्थकों और अधिकारियों के सामने ही दोनों एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे, जिससे पूरे कार्यक्रम में हड़कंप मच गया।
आपको बता दें कि मनोज प्रधान हाल ही में भाजपा छोड़कर बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुए हैं और अनूपशहर विधानसभा से बसपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
इस विवाद के बाद मनोज प्रधान ने भाजपा विधायक संजय शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक ने उनके साथ मंच पर अभद्रता की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
वहीं दूसरी तरफ विधायक संजय शर्मा ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। विधायक का कहना है कि मनोज प्रधान ने जानबूझकर सरकारी कार्यक्रम में खलल डाला और माहौल खराब करने की कोशिश की।
फिलहाल दोनों नेताओं के बीच हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और बसपा के बीच हुआ ये सीधा टकराव बुलंदशहर की सियासत को और गरमा रहा है।

