गोंडा 11 नवंबर, जिले के जयप्रभा ग्राम में 17 से 25 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। एक बार फिर कथा सुनाने के लिए प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज आ रहे हैं। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देशभर के प्रमुख संतों और विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे श्री बालाजी चित्रकूट धाम-श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट के महंत आलोक दास महाराज, योगगुरु बाबा रामदेव और भाजपा के अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने लखनऊ स्थित सीएम आवास, 5 कालिदास मार्ग पहुंचकर सीएम योगी से मुलाकात की और श्रीराम कथा का निमंत्रण पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए 20 नवंबर को कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान उन्होंने कथा की तैयारियों और इसमें शामिल होने वाले संतों व अतिथियों के बारे में जानकारी ली। महंत आलोक दास ने उन्हें आयोजन से जुड़ी पूरी जानकारी दी।
कौन-कौन से अतिथि आएंगे? देखें पूरी लिस्ट
आयोजन में आने वाले प्रमुख अतिथियों की सूची सामने आ गई है:
1. योगगुरु बाबा रामदेव – पतंजलि योगपीठ के संस्थापक, कथा में विशेष सानिध्य देंगे
2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ – 20 नवंबर को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे
3. टी. राजा – भाजपा के फायरब्रांड नेता, हैदराबाद से आएंगे
4. महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि जी महाराज – जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर, संतों का करेंगे मार्गदर्शन
5. अनूप जलोटा – भजन सम्राट, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे
6. पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री – बागेश्वर धाम सरकार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे
इसके अलावा देशभर के प्रमुख मठ-मंदिरों और ट्रस्टों से जुड़े साधु-संत भी शामिल होंगे।
दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब दो लाख लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है। श्रीराम कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
महंत आलोक दास बोले- श्रद्धालु ही हैं मुख्य आयोजक
महंत आलोक दास महाराज ने कहा कि प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से यह भव्य आयोजन हो रहा है। इसके मुख्य आयोजक सभी श्रद्धालु और समाज के लोग हैं। मुख्यमंत्री ने 20 नवंबर को आने की सहमति दी है। इस दौरान देशभर के कई प्रतिष्ठित संतों का सानिध्य भी प्राप्त होगा।
सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
आयोजन के दौरान 17-25 नवंबर तक प्रतिदिन बड़े संतों और नेताओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।

